Desk@ Black and White
Rishikesh: ऋषिकेश बसंतोत्सव का आगाज ऋषिकेश में 30 जनवरी को होगा। शुभारंभ झंड़ा चौक पर ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा। साइकिल दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत विभिन्न आयोजन चार फरवरी तक होंगे। इसमें कई राजनेताओं के साथ ही हस्तियां भी शामिल होंगी।
शुक्रवार को श्रीभरत मंदिर में बसंतोत्सव समिति ने बैठक आयोजित की। समिति संयोजक दीप शर्मा ने उत्सव के सफल आयोजन को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी की सुबह झंडा चौक पर ध्वजा रोहण किया जाएगा। इसके बाद हरिद्वार रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से साइकिल दौड़ आयोजित होगी, जिसमें नगर क्षेत्र के युवा व स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यह आयोजन स्व. रामबाबू गोयल की स्मृति में होगा। इसी दिन विद्यालयी छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रीभरत मंदिर पब्लिक स्कूल में होंगे। सस्कृत विद्यालयों के छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता भी होगी।
सहसंयोजक वरूण शर्मा ने बताया कि 31 जनवरी को मटकी फोड़ प्रतियोगित होगी। गढ़वाली सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। एक जनवरी को स्व. महंत अशोक प्रपन्न शर्मा की स्मृति में रक्तदान शिविर होगा। छात्र-छात्राओं की कला प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। भंजन संध्या का कार्यक्रम भी इसी दिन तय किया गया है। दो फरवरी को दोपहर एक बजे ऋषिकेश नारायण भगवान श्रीभरत की भव्य शोभायात्रा शहर में निकाली जाएगी। बेबी शो का कार्यक्रम भी रखा गया है। तीन फरवरी को प्रसाद वितरण के साथ ही दंगल प्रतियोगिता का कार्यक्रम है। अंतिम दिन दंगल प्रतियोगिता के समापन के साथ ही शाम को कवि सम्मेलन होगा।

मौके पर श्रीभरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, समिति से जुड़े हर्षवर्धन शर्मा, दीप शर्मा, विनय उनियाल, रामकृपाल गौतम, रवि शास्त्री, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, गोविंद सिंह रावत, रंजन अंथवाल आदि मौजूद रहे।
