- NDS में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित हुआ
black and white@desk
ऋषिकेश। निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल (NDS) में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ आयोजित हुआ। जिसमें विद्यार्थियों को यौन शोषण, यातायात नियमों, नशे से दूर रहने सहित अन्य जानकारियां दी गई।
मंगलवार को निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुभारंभ सिविल जज सीनियर डिवीजन विनोद कुमार बर्मन ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यौन शोषण के विषय में अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी। उन्होंने आर्टिकल 15 में राज्य को बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रावधान सुनिश्चित करने, बच्चों को अनुशासित जीवन की महत्ता बताई और आधुनिक गैजेट्स की गुलामी से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के जबाव देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।
श्यामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी ने बच्चों को नशे की लत से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण बच्चे अनेक आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं। साथ ही उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया में अपनी व्यक्तिगत जानकारियाँ साझा करने तथा ऑनलाइन दोस्ती बनाने से मना किया। चाइल्ड हेल्पलाइन देहरादून की सुपरवाइजर मीना खरोला ने बच्चों को ‘अच्छे व बुरे स्पर्श’ से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने से मना किया तथा अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। मौके पर विधिक प्राधिकरण के सदस्य शिवम कक्कड़, प्रधानाचार्या ललिता कृष्णा स्वामी, मुकुल तायल, शम्मी पैन्यूली आदि उपस्थित रहे।
- 270 बच्चों ने उठाया विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर का लाभ
गुमानीवाला स्थित नव चेतना एकेडमी में ‘सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में 270 विद्यार्थियों ने भाग लिया। फैमिली कोर्ट के न्यायिक अधिकारी ओम कुमार ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, संरक्षण और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया। मौके पर प्राविधिक कार्यकर्ता मधु शर्मा, उषा शर्मा आदि उपस्थित रहे।
