black and white@desk
ऋषिकेश। हरिद्वार-ऋषिकेश नेशनल हाईवे पर श्यामपुर में रेलवे फाटक के पास एक सीमेंट मिक्सर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर हाईवे किनारे से गुजरा रहा व्यक्ति जख्मी हो गया। जबकि, खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। जख्मी हालत में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर चोटें लगने की वजह से व्यक्ति की अस्पताल में मृत्यु हो गई।
श्यामपुर पुलिस चौकी के मुताबिक यह घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुई। रूड़की से सीमेंट से भरा मिक्चर ट्रक आईडीपीएल के लिए जा रहा था। श्यामपुर में रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर अचानक ट्रक हाईवे पर अनियंत्रित हुआ और पलट गया। ट्रक की चपेट में किनारे पर चल रहा 45 साल का व्यक्ति भी आ गया। पास ही खड़ी कार को भी ट्रक ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसा होते हुए व्यस्ततम हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
चौकी प्रभारी सुमति चौधरी ने बताया कि व्यक्ति को दून अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है। देखने वह श्रमिक प्रतीत हो रही है। उम्र करीब 45 वर्ष है। उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। स्थानीय स्तर पर उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी पहचान के लिए सूचित किया गया है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। चालक ने एक कार को बचाने के फेर में ट्रक पलटने की बात कही है। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
