blackandwhite@desk
ऋषिकेश। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को ऋषिकेश में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और नगर निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पार्किंग परिसर में नगर निगम के हिस्से में पूजा स्थल की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने वहां हॉल निर्माण की जानकारी दी। इस पर डॉ. अग्रवाल ने हॉल के साथ मंदिर का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना के लिए उचित स्थान मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल लाइन के कारण निर्माण कार्य में आ रही बाधा की जानकारी दी। इस पर अग्रवाल ने जलकल अभियंता अरुण रावत से फोन पर वार्ताकर पेयजल लाइन को जल्द हटाने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने पार्किंग स्थल के समीप स्थित पानी की टंकी से लंबे समय से हो रहे रिसाव पर नाराजगी जता पानी की बर्बादी रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता वीके सिंह को निर्माण स्थल पर स्थित ट्रांसफार्मर को जल्द हटाने को कहा।
विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। अग्रवाल ने बताया कि लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस बहुमंजिला पार्किंग की क्षमता 1050 वाहनों की होगी। इसके निर्माण से ऋषिकेश में पार्किंग की समस्या को कम करने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। निरीक्षण के दौरान एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता सुनील उप्रेती, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, कनिष्ठ अभियंता संदीप रतूड़ी, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, सोनू पाण्डे, पवन गोयल आदि उपस्थित रहे।
ऊर्जा निगम निर्माण स्थल से जल्द हटाए ट्रांसफार्मर: प्रेमचंद
Leave a comment
Leave a comment
