Black and White@ Desk
Rishikesh: अखिल भारतीय संत समिति तथा विरक्त वैष्णव मंडल ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। वे ऋषिकेश में शराब के डिपार्टमेंट स्टोर आवंटित किए जाने से नाराज हैं। उन्होंने इन डिपार्टमेंट स्टोर को निरस्त करने की मांग की।

रविवार को भारतीय संत समिति तथा विरक्त वैष्णव मंडल से जुड़े संत बैराज रोड़ स्थित कैंप कार्यालय में पहुंचे। वहां उन्होंने शहरी विकस मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी ताजेंद्र सिंह नेगी के माध्यम से मंत्री ज्ञापन भेजा। संतों ने कहा कि देश ही नहीं विदेशों में भी ऋषिकेश की पहचान तीर्थस्थल के रूप में होती है। यहीं नहीं ऋषिकेश में आध्यात्म, योग और मन की शांति के लिए श्रद्धालु तथा पर्यटक बड़ी संख्या में प्रत्येक वर्ष पहुंचते है। बावजूद इसके प्रशासन ने ऋषिकेश में कई जगहों पर शराब का डिपार्टमेंट स्टोर आवंटित कर दिया है। इन दिनों एम्स व सीमा डेंटल कॉलेज के निकट तथा नटराज चौक के निकट अंग्रेजी शराब का डिपार्टमेंट स्टोर आवंटित होने से तीर्थनगरी की छवि धूमिल हो रही है, जिसकी संत व साधु समाज निंदा करता है।
संतों ने कहा कि तीर्थनगरी में शराब का डिपार्टमेंट स्टोर खुलने से क्षेत्रवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने शराब के आवंटित स्टोर को निरस्त करने की मांग की। ऐसा नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मौके पर विरक्त वैष्णव मंडल के अध्यक्ष महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज, अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष स्वामी गोपालाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर वृंदावन दास महाराज, महंत निर्मल दास महाराज, महंत छोटनदास महाराज, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, स्वामी करूणाकरण दास महाराज, स्वामी रविन्द्र दास महाराज, स्वामी प्रकाशानंद, स्वामी हरिदास महाराज, स्वामी हरिचरण महाराज, स्वामी भरतदास महाराज, स्वामी अखंडानंद सरस्वती, स्वामी राम मिलन दास, स्वामी राम पदम दास, स्वामी प्रेमदास, स्वामी सुरेश दास, स्वामी परमेश्वर दास, स्वामी मोहनदास, स्वामी महावीर दास, स्वामी प्रमोद दास आदि उपस्थित रहे।
