Rishikesh: Crime Update@ Black and white
हाथी ने युवक को कुचल कर मार डाला
नीलकंठ मोटर मार्ग पर जमकर मचाया उत्पात
कार को क्षतिग्रस्त कर झोपड़ी भी की तहस-नहस
ऋषिकेश। नीलकंठ मोटर मार्ग पर पटना वाटर फॉल के नजदीक हाथी ने एक शख्स को कुचल कर मार डाला। हाथी ने एक कार को क्षतिग्रस्त किया। सड़क किनारे झोपड़ी को भी तहस-नहस कर डाला।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के जंगल से एक हाथी नीलकंठ मोटर मार्ग पर आ धमका। इसबीच मार्ग पर हाथी ने एक अज्ञात युवक को कुचल दिया। गंभीर चोटें लगने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हाथी ने सड़क पर उत्पात मचाते हुए कार को क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद सड़क किनारे एक झोपड़ी को भी तोड़ दिया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भर उसे एम्स भिजवाया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विनोद गुसाईं ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को एम्स की मोर्चरी में रखवाया गया है। बताया कि तड़के चार बजे से हाथी नीलकंठ मार्ग पर घूम रहा था, जिसके चलते गरुड़ चट्टी के पास पुलिसकर्मियों ने नीलकंठ की तरफ जाने वाले वाहनों को रोक दिया था। बताया कि मार्ग पर लोगों की सुरक्षा के तहत राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन को पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा गया है।
———–
दिनदहाड़े सास-बहु से लाखों के गहने ठगे
व्यस्ततम हरिद्वार पर पुरानी चुंगी के पास हुई घटना
केस दर्ज कर पुलिस अज्ञात युवकों की तलाश में जुटी
ऋषिकेश। घर से गंगानगर स्थित सोमेवश्र महादेव मंदिर के लिए निकली सास-बहु से दो अज्ञातों ने 10 लाख रूपए का लालच देकर लाखों रूपये की सोने के जेवरात ठग लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता कोतवाली पहुंची। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक मुख्य बाजार स्थित सुभाष चौक निवासी आभा सिंघल पत्नी मगल सिंह शुक्रवार को रिया सिंघल के साथ सोमेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना गई थी। लौटते वक्त हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी पर उन्हें एक युवक मिला। हरिद्वार का पता पूछने के दौरान एक युवक और मौका पर आया। उन्होंने बैग से दो हजार रूपए का नोट निकाला। बैग में 10 लाख रूपये की बात कही और हाथ में एक बंडल थमा दिया। आरोप है कि बातों में उलझाकर बंडल में 10 लाख रूपये होने का झांसा दिया और उनके सोने के जेवरात उतरवा लिए।
पीड़िता ने बताया कि वह सोने का गले का पेंडल, अंगूठी, कान के झुमके और चेन ले गए। अज्ञातों ने जाते वक्त नकद पांच सौ रूपए भी ले लिए। बंडल में कागज मिलने पर ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद आभा सिंघल कोतवाली पहुंचीं। प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने बताया कि अज्ञातों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। जल्द आरोपियों की शिनाख्त कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
________________
नशे के सौदागर दंपत्ति समेत चार गिरफ्तार
रायवाला, ऋषिकेश और मुनिकीरेती में अलग-अलग धरपकड़
आरोपियों से पुलिस ने 45 ग्राम स्मैक की बरामद, मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश। शहर और सटे इलाकों में नशीले मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले सौदागरों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर ही दंपत्ति समेत चार लोगों को पकड़ा है। आरोपियों से पुलिस ने 45 ग्राम स्मैक बरामद की है। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर रेलवे अंडर पास के नजदीक एक महिला व युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े नजर आए। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लेकर तलाशी ली, तो 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि दोनों पति-पत्नी है। थानाध्यक्ष कुलदीप पंत ने बताया कि आरोपी शकील अहमद पुत्र सगीर हसन निवासी मोहल्ला गिनोरी सिरसी, थाना मैनाठेर, संभल, यूपी व उसकी नाजरा को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली पुलिस ने एम्स कैंपस से एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान युवक से पुलिस को 7.86 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी तरजीत पुत्र गुरभेज सिंह निवासी वार्ड नंबर पांच, अमलोह, फतेगढ़ साहिब, पंजाब के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने बताया कि पुलिस नगर क्षेत्र में नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।
मुनिकीरेती पुलिस ने गंगोत्री नेशनल हाईवे स्थित हर्बल गार्डन के पास से एक युवक को स्मैक के साथ दबोचा। आरोपी से पुलिस ने 7.20 ग्राम स्मैक बरामद की। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि आरोपी सूरज पुत्र स्व. भिखारी लाल साहनी निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
——–
कच्ची शराब बनाने के ठिकाने पर मारा छापा
दो आरोपी रंगेहाथ पकड़े, उपकरण भी बरामद
अंग्रेजी की तस्करी में दो और युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश। कच्ची शराब बनाने और अंग्रेजी शराब की तस्करी के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तस्करी में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन को भी सीज किया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार को मुखबिर की सूचना पर गंगोत्री विहार, रूषाफार्म से रोहित पुत्र बब्लू थापा और तेज बहादुर पुत्र स्व. राम बहादुर दोनो निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश को पकड़ा गया। आरोपी रंगेहाथ कच्ची शराब बनाते मिले। मौके से 20 लीटर कच्ची शराब और पांच लीटर लहन बरामद हुआ। कच्ची शराब बनाने के उपकरण भी मिले।
वहीं, मायाकुंड में केवलानंद चौक से विकास पुत्र श्याम सिंह निवासी सुभाषनगर, ऋषिकेश को अंग्रेजी शराब के 24 पव्वों के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि, गुमानीवाला स्थित केनाल रोड से स्क्ूटी सवार भगवान पुत्र इंद्र सिंह को अंग्रेजी शराब के 24 हाफ समेत पकड़ा गया। प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडे ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
