blackandwhite@desk
ऋषिकेश। छिद्दरवाला ग्रामसभा में गैस की अवैध रिफलिंग गिरोह का खाद्य पूर्ति विभाग और पुलिस टीम की छापेमारी में पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक किराये के मकान से चार लोगों को रिफलिंग करते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। छापेमारी में टीम को 94 घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडर मिले हैं। रिफलिंग से जुड़ी पांच मोटर चलित किट व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। टीम ने बरामद सिलेंडर को फिलहाल छिद्दरवाला की एक गैस एजेंसी के सुपुर्द किया है। जबकि, घटनास्थल से मिले एक लोडर वाहन को सीज कर दिया गया है।
रायवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक पूर्ति विभाग को छिद्दरवाला में गैस की अवैध रिफलिंग की सूचना मिली थी, जिसपर पूर्ति निरीक्षक गोकुल रमोला, लोकेश पंत, विजय नैथानी, महेंद्र सिंह और मोहित चंद रमोला की टीम छापेमारी के लिए पहुंची। उन्होंने गांव में एक किराये मकान पर छापा मारा, तो रामजीत सिंह निवासी अमितग्राम, ऋषिकेश और सुमित निवासी नरदौली पुख्ता कासगंज, यूपी समेत चार लोग गैस सिलेंडरों में रिफलिंग करते हुए मिले। टीम ने पुलिसकर्मियों के साथ कमरे से खाली और भरे 62 व्यवसायिक व 32 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। तीन तोलने के उपकरण, मोटर चलित रिफलिंग कीट और एक बासुरी भी बरामद की।
पूर्ति निरीक्षक मोहित चंद रमोला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रामजीत सिंह और सुमित के खिलाफ बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम की तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि जांच में वीर सिंह और राजीव कुमार को भी आरोपी बनाया गया है। मौके से एक वाहन भी मिला है, जिसे सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

