- मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव की विवादित टिप्पणियों पर भड़के
black and white@desk
ऋषिकेश। कांग्रेस के अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ और सपा प्रमुख द्वारा सीएम योगी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपाई भड़के। इसके विरोध में उन्होंने दोनों नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके पुतलों का दहन किया। उन्होंने दोनों नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
मंगलवार को त्रिवेणीघाट चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन किया। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब विकास और जनहित के मुद्दों से भटककर प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणियों तक सीमित होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष सकारात्मक राजनीति करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन यहां के आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप हुआ है। उत्तराखंड आंदोलनकारियों और प्रदेशवासियों के सम्मान से जुड़ा कोई भी विषय प्रदेश की जनता की भावनाओं से जुड़ा है। उन्होंने अखिलेश यादव की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, आंदोलनकारियों के सम्मान और प्रदेशवासियों के स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा कि उत्तराखंड की जनता ने राज्य निर्माण के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है। आंदोलनकारियों के बलिदान को याद रखना और उनके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय नेताओं को सार्वजनिक जीवन में अपनी भाषा और बयानों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दे पर एकजुट हैं तथा जनता की भावनाओं के विरुद्ध दिए जाने वाले बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे।
पुतला दहन करने वालों में मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना एवं दीपक बिष्ट, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अनिरुद्ध शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, मोनिका गर्ग, राकेश कुमार, राधेश्याम जाटव, मंडल मंत्री पवन गोयल, सौरव गर्ग, गुड्डी कलूड़ा, ज्योति पांडे, मंडल मीडिया संयोजक बृजमोहन मनोडी, अविनाश भारद्वाज, राजेंद्र बिजल्वान, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, फेरुमल जगवानी, बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोस्वामी, दिनेश सती, चेतन शर्मा, कविता शाह, कपिल गुप्ता, अनीता ममगाईं,कृष्णा कुमार सिंघल,सुधा असवाल, राजेश दिवाकर, कपिल सिंह दिनेश सेमवाल, देवदत्त शर्मा दुर्गा जिंदल शिव कुमारमहिला मोर्चा अध्यक्ष निवेदिता सरकार, भानु प्रताप सिंह, महेंद्र गुप्ता, संजीव पाल आदि शामिल रहे।
