Crime editor@ DN
देहरादून। रणदीप भाटी गैंग के तीन शूटर को उत्तराखंड पुलिस की एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। नोएडा में भाजपा सांसद के करीबी पर हमला करने के बाद से शूटर फरार चल रहे थे।
एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि भाजपा सांसद के करीबी पर नोएडा में जानलेवा हमला करने के बाद फरार चल रहे रणदीप भाटी गिरोह के तीन शूटरों को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी में बदमाशों से पिस्टल, तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। दावा किया कि तीनों यहां लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के दौरान शूटरों ने हथियार के बल पर भागने की भी कोशिश की, लेकिन एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
एसएसपी ने बताया कि तीन अक्तूबर की रात स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने नोएडा में भाजपा के मंडल अध्यक्ष सांगा पंडित और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ता का अपहरण कर जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहे थे। इस मामले में गौतमबुद्धनगर के सांसद महेश शर्मा ने नोएडा पुलिस को अल्टीमेटम दिया था। इस बीच उत्तराखंड एसटीएफ को सूचना मिली कि दिल्ली के रणदीप भाटी गिरोह के कुछ शॉर्प शूटर देहरादून आ रहे हैं।
हरियाणा और यूपी के हैं शूटर
देहरादून। शूटरों की पहचान गौरव उर्फ सोनू निवासी बगोर थाना चांदीनगर जिला बागपत, हरपाल निवासी गुजरवाली थाना बाबर जिला रेवाड़ी हरियाणा और गौरव चंदीला निवासी भतौला खेड़ीपुर जिला फरीदाबाद हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में शूटर हरपाल ने बताया कि गैंगस्टर रणदीप भाटी के कहने पर तीन अक्टूबर को उन्होंने नोएडा के बी-2 थानाक्षेत्र में सांगा पंडित का अपहरण कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की थी।
दिल्ली में भी किया था अपहरण
देहरादून। एसटीएफ एसएसपी ने बताया कि रणदीप भाटी के मुख्य शूटर हरपाल ने इसी साल फरवरी में अमन नाम के एक कॉल सेंटर संचालक का अपहरण कर 25 लाख की फिरौती मांगी थी। इस आरोप में दिल्ली की हरिनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया था। वहीं, शूटर गौरव चंदीला भी हत्या की कोशिश में जेल जा चुका है।
