- मेयर ने त्रिवेणी घाट नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
- अधिकारियों से लिया निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का लिया जायजा
black and white@desk
ऋषिकेश। मेयर शंभू पासवान ने त्रिवेणी घाट पर संचालित नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा आगामी कुंभ मेले में होने वाले विभिन्न स्नानों से पूर्व श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अधिकांश कार्य करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को त्रिवेणी घाट पर मेयर शंभ पासवान ने नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही निर्माण कार्यों के ब्लूप्रिंट एवं थ्री-डी लेआउट का अवलोकन कर विभिन्न निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं व्यावहारिक स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने मेयर को अवगत कराया कि घाट के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने तथा भविष्य में भू-कटाव की समस्या से बचाव के लिए 8.5 मीटर ऊंची रिटेनिंग वॉल, एक मीटर मोटी राफ्ट एवं पीसीसी फाउंडेशन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार, सीढ़ियों एवं रैंप का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को भी घाट तक पहुंचने में सुगमता रहेगी। परिसर में महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय ब्लॉक तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लैंडस्केपिंग एवं पौधरोपण के लिए ग्रीन जोन भी विकसित किए जा रहे हैं। मेयर ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। त्रिवेणी घाट का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण इस प्रकार किया जाना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही ऋषिकेश की धार्मिक गरिमा और सुंदरता में भी वृद्धि हो। कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप किए जाएं। साथ ही निर्माण के दौरान गंगा नदी के प्राकृतिक प्रवाह, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए। मौके पर अवर अभियंता दिव्य प्रकाश, श्री गंगा सभा के उपाध्यक्ष महंत रामकृपाल दास महाराज, जयप्रकाश ठेकेदार, परमेश्वर राजभर, राजपाल ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
