Black and white@Rishikesh हृषीकेश बसंतोत्सव 2026 का मंगलवार सुबह शानदार आगाज हो गया। श्रीभरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने ध्वजारोहण कर उत्सव का शुभारंभ किया। इसी क्रम में मैराथन दौड़ का आयोजन भी हुआ, जोकि झंडा चौक से प्रारंभ हुई। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में संस्कृत विद्यालयों के खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। रात्रि में संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने बताय कि 21 जनवरी को सुबह रामबाबू गोयल स्मृति साइकिल दौड़ का आयोजन पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से किया जाएगा। विद्यालयी छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी दिन स्व. नत्था सिंह पोखरियाल स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया जाएगा। सायंकाल पंचतत्व बैंड द्वारा भारत मंदिर पब्लिक स्कूल, झंडा चौक में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 22 को स्व. महंत अशोक प्रपन्न शर्मा की स्मृति में सुबह साढ़े नौ बजे रक्तदान शिविर भरत मंदिर झंडा चौक में आयोजित किया जाएगा। इसी दिन कला प्रतियोगिता, दंगल प्रतियोगिता और बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन होगा। रात्रि में छह बजे से ‘म्यूजिक परिंदों’ द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, ध्वजारोहण के मौके पर कार्यक्रम संयोजक दीप शर्मा, हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, विनय उनियाल, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, मेजर गोविंद सिंह रावत, सुनील प्रभाकर, अशोक रस्तोगी, राहुल शर्मा, जतन स्वरूप भटनागर आदि मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
– हृषीकेश बसंतोत्सव में 23 जनवरी को ऋषिकेश नारायण श्री भगवान भरत की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। बेबी शो और नंदनी फाउंडेशन द्वारा निर्धन कन्याओं के विवाह का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन भंडारा प्रसाद और सायंकाल कवि सम्मेलन आयोजित होगा। 25 जनवरी को मटकी फोड़ प्रतियोगिता झंडा चौक में सुबह 11 बजे से और रस्साकशी प्रतियोगिता भरत मंदिर इंटर कॉलेज में होगी। शाम को 6 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
