Black and white@ Desk
Rishikesh: श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के पुरातन छात्र रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएम योगी ने घंटेभर चली बातचीत में ऋषिकेश में बिताए छात्र जीवन के पलों को साझा किया।

लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य से श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज, पब्लिक स्कूल, ज्योति विद्यालय और संस्कृत महाविद्यालय की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ली। यह भी पूछा कि अब मेरे विद्यालय में कितने छात्र छात्राएं हैं और पठन-पाठन कार्य कैसा चल रहा है। कहा कि छात्र-छात्राओं को गीता और संस्कृति ज्ञान के नैतिक शिक्षा जरूर दी जाए, जिससे वह एक अच्छे और उत्कृष्ट समाज का निर्माण कर सकें। कहा कि बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने को भी प्रेरित करना आवश्यक है, इससे वह समाज में फैल रहे नशे और अन्य कुरीतियों से बच सकेंगे।
सीएम योगी ने महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य को सुझाव दिया कि, जो बच्चे जिस क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उन्हें उनके कौशल विकास और रूचि के मुताबिक संबंधित क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य किया जाए, तो उनकी प्रतिभा अच्छे तरीके से निखर कर सामने आएगी। इस दौरान उन्होंने जल्द ही श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज को देखने के लिए आने की बात भी कही। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात के बाद सभी को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। मौके पर महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज के छोटे भाई वरुण शर्मा और प्रवक्ता जयकृत सिंह रावत आदि मौजूद थे।
