Black and white @Desk
Rishikesh: बार एसोसिएशन ऋषिकेश के चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह सजवाण ‘सिल्लू भाई’ ने 16 वीं बार कब्जा जमाया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुनील नवानी को 87 मतों से पराजित किया। जबकि लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल सर्वाधिक 233 मत उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।
गुरूवार को शैल विहार स्थित बार भवन में मुख्य चुनाव अधिकारी कुशहाल सिंह कलूड़ा और सह चुनाव अधिकारी नवीन रावत की देखरेख में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले गए।कुल 367 मतदाताओं में से 324 ने मतदान का प्रयोग किया। शाम 4 बजे के बाद वोटो की गिनती शुरू हुई। देर शाम मुख्य चुनाव अधिकारी ने परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर राजेंद्र सजवाण ने 16वीं बार शानदार जीत दर्ज की। सजवाण ने 187 मत लेकर सुनील नवानी को 87 मतों से पराजित किया।
नवानी को 100, अतुल कुमार यादव को 35, अजय सिंह वर्मा को 9 मत मिले। महासचिव पद पर नरेश कुमार शर्मा 78 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए। इसी पद पर अजय कुमार ठाकुर 41, कपिल शर्मा 42, दीपक अंथवाल 37, भूपेंद्र कुकरेती 33, रोहित गुप्ता 41 और शैलेंद्र सेमवाल को 56 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल ने सर्वाधिक 233 मत प्राप्त कर सीधे मुकाबले में अमित अग्रवाल को 137 मतों से पराजित किया। अमित को 96 मत मिले।
संयुक्त सचिव पद पर सीधे मुकाबले में लाल सिंह मटेला ने 166 मत पाकर अमित बिरला को 8 मतों से पराजित किया। अमित बिरला को 158 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील पयाल ने 169 मत पाकर महेश शर्मा को 13 मतों से हराया। महेश को 156 मत हासिल हुए।
ऑडिटर पद पर मोहित शर्मा और पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर आरती मित्तल निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई। चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद तहसील परिसर में विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों ने जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।
