Black and white@Rishikesh तीर्थनगरी ऋषिकेश में शुक्रवार को हृषिकेश वसंतोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। वसंत पंचमी पर नगर में हृषिकेश नारायण भरत भगवान की डोली शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न जगहों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का स्वागत किया और डोली के दर्शन कर पुण्य कमाया।
शुक्रवार को हृषिकेश वसंतोत्सव के चौथे दिन वसंत पंचमी पर्व पर ब्रह्ममुहूर्त में झंडा चौक स्थित पौराणिक श्रीभरत मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। दोपहर में करीब एक बजे प्राचीन श्रीभरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य के सानिध्य में हृषिकेश भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा मायाकुंड स्थित केवलानंद चौक से रामानंद घाट होते हुए गंगातट पर पहुंची। यहां श्री भरत भगवान की डोली को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद यात्रा सुभाष चौक मुखर्जी चौक, लक्ष्मणझूला रोड, क्षेत्र रोड और पुराना टिहरी बस अड्डा, झंडा चौक से होते हुए मंदिर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। उन्होंने भगवान भरत की डोली के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर धर्मयात्रा पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया। यात्रा में वसंतोत्सव समिति से जुड़े हर्षवर्धन शर्मा, वरूण शर्मा, महंत रामकृपाल दास, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, विनय उनियाल, जयेंद्र रमोला, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, केएल दीक्षित, पार्षद देवेंद्र प्रजापति आदि शामिल रहे।
मनमोहक रंगोलियों से हुआ यात्रा का स्वागत
शोभायात्रा के दौरान ऋषिकेश भगवान श्रीभरत के जयकारों और भक्ति में डूबा दिखा। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने स्वागत के लिए जगह-जगह रंगोलियां सजाई, जोकि यात्रा में आकर्षण का केंद्र रही। भगवान भरत के उद्घोष से नगर क्षेत्र पूरी तरह से गूंजायमान रहा। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा के बीच लोगों ने दर्शन कर भी पुण्य लाभ कमाया।
पीतांबर परिधानों में उमड़े श्रद्धालु
वसंत पंचमी पर्व के मौके पर भगवान श्रीभरत भगवान की डोली यात्रा में ज्यादातर श्रद्धालु पीतांबरी परिधानों में दिखे। इस दौरान पुरूषों ने पीली टोपी। जबकि, महिलाओं ने पीली साड़ी व युवतियों ने पीले सूट में शामिल होकर वासंतिक संदेश दिया। यात्रा के दौरान लोगों ने पीला-लाल गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे का तिलक लगाकर पर्व की शुभाकामनाएं भी दीं।
