Black and White@ Desk
Rishikesh: मानसून में आसमान से लोगों के लिए बारिश आफत के रूप में बरस रही है। ढालवाला में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर पहाड़ से आए पानी के सैलाब में वाहन फंस गए। सवार लोगों की सांसे अटकी, तो उनकी मदद के लिए एसडीआरएफ पहुंची। थाने के पास बदरीनाथ हाईवे पर पेड़ गिर गया। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने पेड़ को काटकर हटाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हुआ।
मुनिकीरेती स्थित ढालवाला में गंगोत्री हाईवे पर अचानक पहाड़ से अत्याधिक पानी आ गया। हाईवे पर पानी के साथ मलबा आने से कई वाहन फंस गए। उन्होंने मदद के लिए पुलिस से गुहार लगाई। एसडीआरएफ के जवान फौरन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने पानी में फंसे वाहनों को निकाला। थाने के पास बदरीनाथ हाईवे पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। वाहनों की दोनों ओर लंबी कतारें लग गई। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई पैदल राहगीर और वाहन नहीं आया।
एसडीआरएफ के जवान पेड़ को हटाने के लिए उपकरण लेकर पहुंचे। उन्होंने पेड़ को काटकर राजमार्ग से हटाया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू हुई। निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि दोनों स्थानों पर जानमाल की हानि नहीं हुई। उन्होंने लोगों से बारिश में अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सड़कों के साथ नदी-नालों वाले इलाके में सावधानी पूर्वक आवाजाही के लिए भी कहा है।
