Crime editor@ DN
Rishikesh: रायवाला क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले दो फरार शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपियों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्लेमंटाउन स्थित आशारोड़ी चेकपोस्ट से गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष कुलदीप पंत के मुताबिक आरोपियों ने 19 अगस्त 2022 में एक शख्स का एटीएम कार्ड बदलकर रकम की ठगी की थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी। गुरुवार सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी देहरादून में है और वह छुटमलपुर निकलने की फिराक में है। तत्काल रायवाला पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्लेमंटाउन पहुंची। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार दो लोगों पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ करने पर उनकी पहचान जगमोहन पुत्र अजमेर सिंह निवासी न्यू सरस्वती विहार कॉलोनी, आईटीसी रोड, सदर बाजार, सहारनपुर, यूपी और अश्वनी उर्फ काका पुत्र श्यामलाल निवासी सदर बाजार, सहारनपुर, यूपी व हाल निवासी ढंडेरा, सिविल लाइन रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों ने ही रायवाला क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की थी। गिरफ्तारी के लिए आरोपियों पर एसएसपी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। बताया कि आरोपियों पर मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन थाने में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कुलदीप पंत, थानाध्यक्ष क्लेमंटाउन कुलवंत सिंह, आशारोड़ी चौकी प्रभारी अमित कुमार, एसआई नीरज त्यागी, कांस्टेबल दिनेश मेहर, अमित कुमार, अर्जुन और प्रदीप आदि शामिल थे।
