- ढालवाला में औचक निरीक्षण में आरोग्य मंदिर में अव्यवस्थाओं पर DM नाराज
blackandwhite@desk
ऋषिकेश। ढालवाला में आयुष आरोग्य मंदिर के औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने साफ-सफाई और उचित रखरखाव नहीं होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण तलब किया। अनुपस्थित चल रही ANM के खिलाफ भी सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुनिकीरेती स्थित ढालवाला में संचालित आरोग्य मंदिर में सोमवार दोपहर बाद डीएम टिहरी नितिका खंडेलवाल अचानक पहुंची, तो तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। परिसर के निरीक्षण में झाड़ियां उगी देख डीएम का पारा चढ़ गया। साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी की। निरीक्षण में आरोग्य मंदिर में उपलब्ध डीप फ्रीजर की संख्या, संचालित और खराब उपकरणों जानकारी भी नहीं मिली। उपस्थिति पंजिका देखने पर पता चला कि एएनएम काफी समय से बिना किसी कारण अनुपस्थित है, जिसपर डीएम ने सीएमओ टिहरी को एएनएम के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने आरोग्य मंदिर में उचित रखरखाव नहीं होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी से भी स्पष्टीकरण लेने को कहा। डीएम ने बताया कि साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। निरीक्षण में एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्ड़ियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल आदि मौजूद रहे।
