Chief editor@ Rao Mazid Ali
Rishikesh: तीर्थक्षेत्र ऋषिकेश में गंगाघाटों की सफाई का काम अब निजी एजेंसी के हाथों में होगा। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए टेंडर कर एजेंसी को हायर भी कर लिया है। लिहाजा, घाटों की सफाई करने वाले कर्मी अब नगर क्षेत्र में स्वच्छता को मुकम्मल रखने में लगेंगे। इससे शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और ज्यादा बेहतर होने की उम्मीद है।
त्रिवेणीघाट से लेकर आसपास के गंगाघाटों और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई अभीतक नगर निगम के सफाई कर्मियों के जिम्मे थी, जिसके चलते शहरी और मर्ज नए ग्रामीण इलाकों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने में निगम प्रशासन को दिक्कत पेश आ रही थी। इसीबीच नमामि गंगे परियोजना के उत्तराखंड कार्यालय से निगम को साफ-सफाई का काम निजी एजेंसी से कराने का प्रस्ताव मिला, जिसपर निगम प्रशासन ने हामी भरते हुए इसके लिए टेंडर कॉल किए।
एजेंसी हायर कर अनुबंध के तहत अब प्राइवेट एजेंसी को गंगाघाटों की साफ-सफाई का काम सौंपा गया है। शुरूआत में एजेंसी ने 20 कर्मचारी साफ-सफाई में लगाएं हैं। नमामि गंगे से इसके लिए निगम को वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। एजेंसी को 70 फीसदी भुगतान नमामि गंगे और 30 प्रतिशत धनराशि नगर निगम जारी करेगा। बताया कि घाटों की सफाई में लगे कर्मचारियों को नगर क्षेत्र में लगाया गया है।
……………………………………………………
आस्थापथ के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 36 लाख
आस्थापाथ के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार की है, जिसमें कई स्थानों पर ओपन जिम के साथ आकर्षक बैंच लगाई जानी है। जगह-जगह फैन्सी लाइट पोल और दीवारों पर पेटिंग का काम भी हेगा। इसके लिए आस्थापथ की मरम्मत भी प्रस्तावित है। सिर्फ यही नहीं, आस्थापथ पर पड़ने वाले घाटों पर खतरनाक स्थान चिह्नित कर सुरक्षा के इंतजाम भी होंगे। सौंदर्यीकरण पर निगम प्रशासन 36 लाख 52 हजार रुपए खर्च करने जा रहा है।
……………………………………………………….
हाईटेक होगा त्रिवेणीघाट का शौचालय
त्रिवेणीघाट स्थित शौचालय को नगर निगम प्रशासन ने अपग्रेड करने जा रहा है। निगम ने महिला और पुरूष शौचालय को हाईटेक करने की योजना तैयार की है, जिसपर 36 लाख 46 हजार रुपए खर्च जाने हैं। शौचालय में गंगा दर्शन-पूजन और स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेगी। योजना से जुड़ी सभी कागजी कार्रवाई को निगम ने पूरा कर लिया है। जल्द ही निर्माण एजेंसी को हायर करने के लिए निगम प्रशासन टेंडर कॉल करने जा रहा है।
………………………………………………………….
यह बोले नगर आयुक्त
नमामि गंगे के माध्यम से गंगाघाटों की सफाई के लिए एजेंसी को हायर कर काम सौंप दिया गया है। इसके साथ ही आस्थापथ के सौंदर्यीकरण और त्रिवेणीघाट पर महिला व पुरूष शौचालय को हाईटेक करने का काम भी जल्द शुरू होगा। आस्थापथ और शौचालय को लेकर मुख्यमंत्री पुष्पकर सिंह धामी की घोषणा के तहत निगम को धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
राहुल कुमार गोयल
नगर आयुक्त, ऋषिकेश
