- 24 घंटे में प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
blackandwhite@desk
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और सड़क सुधार कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज कुमार पांडेय ने शनिवार तड़के देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों व स्थलों के स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। सड़क सुधार एवं गड्ढा भरान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता अरुण पांडेय,अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी सहित अभियंता प्रवीण कुश,दीपक, सुरेश तोमर,विपुल सैमी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
