black and white@desk
ऋषिकेश। तपोवन क्षेत्र में नीरगढ़ बैंड के समीप लापता महाराष्ट्र के पर्यटक का शव एसडीआरएफ ने खाई में सड़क से 40 फीट नीचे झाड़ियों से बरामद किया है। पर्यटक 12 अक्टूबर को नौ सदस्यीय दल के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंचा था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। दल ने इसकी सूचना लक्ष्मणझूला पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को स्थानीय लोगों से खाई में शव दिखने की सूचना एसडीआरएफ को मिली थी। उन्होंने शव को बाहर निकालकर आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचित किया था, जिसमें थाने में 12 अक्टूबर को दर्ज गुमशुदा पर्यटक 65 वर्षीय दत्ता राव निवासी मवतराव, महाराष्ट्र के रूप में पहचान हुई। एसएसआई प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि परिजनों ने भी दत्ता राव की शिनाख्त की है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दत्ता राव मानसिक रूप से तनाव में था।
