- त्योहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए एक्शन में पुलिस
blackandwhite@desk
कोटद्वार। आगामी त्योहारों दशहरा, दीपावली को देखते हुए शांति और कानून-व्यवस्था मुकम्मल रख आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में शुक्रवार (16.10.2026) को क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के नेतृत्व में कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा नगर क्षेत्र झंडा चौक, लाल बत्ती चौक एवं बद्रीनाथ मार्ग सहित नगर के प्रमुख मार्गों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दीपावली एवं अन्य त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने, अराजकता फैलाने व कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ऐसे किसी भी कृत्य में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
