– सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम का बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर
black and white@desk
ऋषिकेश। राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगर निगम की ओर से बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का 379 लोगों ने लाभ उठाया।
गुरुवार को रजत जयंती पार्क, चंद्रेश्वरनगर में शिविर का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संयुक्त रूप से किया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ऐसे शिविर आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शिविर को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा मिलती है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि ऐसे शिविर महिलाओं, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें लाभान्वित करने की दिशा में प्रभावी पहल हैं। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम जनहित एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं को प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में विभिन्न स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को आवेदन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को चिकित्सा जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
————
बैंक कर्मियों को सम्मानित किया
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ-विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने एवं योजना के क्रियान्वयन में योगदान देने वाले बैंक प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सीडीओ अभिनव शाह, उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, नगर परियोजना प्रबंधक वरुण मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।
