Black and white@ Desk
Rishikesh: गंगा के उफान से रामझूला पुल के एबटमेंट स्तंभ की सुरक्षा दीवार ढह गई। आसपास की मिट्टी के कटाव से पीडब्ल्यूडी और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने सैलानियों की सुरक्षा के मद्देनजर झूलापुल पर आवाजाही रोक दी। सवा तीन घंटे तक पुल पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। पीडब्ल्यूडी के एक्सपर्ट के मौके पर पहुंचने के बाद पैदल आवाजाही के लिए पुल को खोला गया।
गुरूवार तड़के रामझूला पुल के एबटमेंट की सुरक्षा दीवार के पास की मिट्टी में गंगा ने कटाव शुरू किया। दीवार ढहने की सूचना पुलिस तक पहुंची, तो तत्काल एसडीएम नरेंद्रनगर को अवगत कराया गया। उन्होंने झूला पुल पर फौरन आवागमन प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी की नरेंद्रनगर डिविजन के इंजीनियर्स की टीम को मौके पर पहुंचकर जांच को कहा। सुबह करीब सवा आठ बजे मुनिकीरेती पुलिस ने बेरीकेट लगाकर रामझूला पुल पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया।

इसबीच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अशुतोष इंजीनियर्स की टीम लेकर पहुंचे। उन्होंने एबटमेंट की जांच की, जिसमें पता चला कि एबटमेंट फिलहाल सुरक्षा है। सिर्फ उनकी सुरक्षा का बना पुश्ता मिट्टी के कटाव से क्षतिग्रस्त हुआ है। एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब 11 के आसपास के पुल पर पैदल आवाजाही का सुचारू किया गया। दोपहिया वाहनों काआवागमन अभी एहतियात के तौर प्रतिबंधित रखा गया है। बताया कि पीडब्ल्यूडी ने पुश्ते की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
