- निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें: प्रेमचंद
- विधायक ने कैनाल रोड का अधिकारियों संग निरीक्षण किया
black and white@desk
ऋषिकेश। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को गुमानीवाला में सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाली कैनाल रोड का अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया।

उन्होंने सड़क की जर्जर हालत पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आगामी त्योहारों को देखते हुए ग्रामीणों से समन्वय बनाकर सड़क पर जल्द से जल्द पेचवर्क कराने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही निर्मित इस सड़क की वर्तमान स्थिति संतोषजनक नहीं है। इतनी कम अवधि में सड़क का खराब होना गंभीर विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने को कहा। जिससे स्थानीय निवासियों एवं अन्य राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की गुणवत्ता और आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि जनता को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने क्षेत्र के विभागीय अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों में तत्परता बरतने की अपेक्षा की।
मौके पर उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी, कनिष्क अभियंता संजीव चौहान, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, गोविंद सिंह महर, भाजपा मंडल महामंत्री सतपाल राणा, मानवेंद्र कंडारी, गणेश भट्ट, अभिलाषा बहुगुणा, संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
