blackandwhite@desk
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गुरुवार शाम देहरादून की कैंट कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी, मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास में रहने वाली रेखा आर्या ने तहरीर में बताया कि छह जुलाई 2004 को उनका विवाह गिरधारी लाल साहू निवासी बदायूं-बरेली रोड, जोगी नवादा, बरेली, उत्तर प्रदेश के साथ हुआ था। आरोप है कि साहू ने खुद को अविवाहित बताकर और उन्हें धोखे में रखकर शादी की। कुछ वर्ष बाद गिरधारी के पहले से विवाहित होने और पहली शादी से बच्चे होने का सच सामने आया। अब तक वह बच्चे के भविष्य को देखते हुए परिजनों के समझाने पर चुप रहीं।
तहरीर के मुताबिक, आर्या का आरोप है कि गिरधारी के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। इसे लेकर आपत्ति जताने पर आरोपी ने लिखित व मौखिक माफी मांगी, लेकिन हरकतों से बाज नहीं आया। विरोध करने पर उसने मारपीट और गाली-गलौज की और सरकारी आवास में स्टाफ के सामने अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कूटरचित हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बिना किसी त्यागपत्र के उन्हें संबंधित कंपनियों के निदेशक पद से सेवानिवृत्त दर्शा दिया। इसके अलावा, हाल में मंत्री रेखा को एक ऑडियो मिला। इसमें गिरधारी एक महिला से बात करते हुए मंत्री को जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है। आर्या ने खुद को और अपने नाबालिग बच्चों की जान को खतरा बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मंत्री की शिकायत पर उनके पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
